जयपुर महज ₹1,300 के बकाया भुगतान को लेकर विवाद, युवक की सरिए से वार कर हत्या

जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर रविवार रात बकाया भुगतान को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय सचिन वर्मा की लोहे के सरिए से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।
सचिन मूल रूप से नीमकाथाना (सीकर) का रहने वाला था और मुंबई में टाइल्स फिटिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि अगले ही दिन उसकी मुंबई लौटने की ट्रेन थी।
जानकारी के अनुसार सचिन का दोस्त हैप्पी ठेकेदार बुद्धराम से टाइल्स के काम के करीब ₹2,000 मांगता था, जिसमें करीब ₹1,300 बकाया थे। रविवार रात दोनों शराब पीने के बाद पैसे मांगने ठेकेदार के पास पहुंचे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान ठेकेदार के भतीजे किशन (20) ने पास पड़े लोहे के सरिए से सचिन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सचिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मुहाना थाना पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने ठेकेदार बुद्धराम, उसके भतीजे किशन और एक अन्य नाबालिग को राउंडअप किया है। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
#Jaipur #BreakingNews #Muhana #JaipurCrime #CrimeNews #RajasthanNews #CityNews24











