कन्नौद में नागपंचमी पर वन विभाग की कार्रवाई, 11 सपेरों के कब्जे से सर्प मुक्त

कन्नौद, 17 अगस्त 2026। नागपंचमी के अवसर पर कन्नौद में वन विभाग एवं पर्यावरण मित्रों द्वारा सर्प संरक्षण और जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सर्पों को अवैध रूप से पकड़कर बंधक बनाने और उनके साथ होने वाली क्रूरता को रोकने के लिए कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान करीब 11 सपेरों के कब्जे से सर्पों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। जांच के दौरान कुछ सर्पों के मुंह धागे से सिले होने जैसी अमानवीय स्थिति भी सामने आई। वन विभाग की टीम ने सर्पों को कब्जे से मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।
सर्पों को दूध पिलाना नुकसानदायक
अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने लोगों को सर्प संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि सर्प मांसाहारी जीव हैं और उन्हें दूध पिलाना उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नागपंचमी पर सर्पों को पकड़कर उन्हें दूध पिलाने की परंपरा से बचने की अपील की गई।
वन विभाग ने आमजन से कहा कि सर्पों को पकड़कर रखने, उनके साथ क्रूरता करने या अवैध रूप से प्रदर्शन कराने की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। लोगों से सर्पों को नुकसान न पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में रहने देने की अपील भी की गई।
वन विभाग और पर्यावरण मित्र रहे मौजूद
अभियान में रेंजर सर्जन जाधव, डिप्टी रेंजर दिनेश डोडवाल, विपिन साहू, अनमोल सिंह जाधोन, पर्यावरण मित्र अजय पंचोली, लखन सूर्यवंशी और सुरेंद्र घावरी सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।
वन विभाग के इस अभियान का उद्देश्य नागपंचमी के अवसर पर सर्पों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और सर्पों के अवैध पकड़ने तथा उनके साथ होने वाली क्रूरता पर रोक लगाना रहा।











