भदोही मे विशेष अभियान के तहत 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे विशेष कैम्प*

विशेष अभियान के तहत 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे विशेष कैम्प
18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों को मिलेगा नाम जुड़वाने का अवसर
प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ, मतदाता सहायता के लिए बनाई जाएगी हेल्प डेस्क
संत रविदासनगर भदोही, 23 अक्टूबर 2026। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों का नाम सम्मिलित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 392-भदोही, 393-ज्ञानपुर एवं 394-औराई (अ.जा.) के अंतर्गत आयोजित इन कैम्पों में निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, प्रथम बार मतदान के लिए पात्र युवाओं तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नागरिकों को नाम सम्मिलित कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विशेष कैम्प के दौरान प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पर्याप्त संख्या में फार्म-6 के साथ उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली एवं उसके बाद की सभी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां फार्म भरने में आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। इस कार्य में सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों से भी यथासंभव सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की गई है। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैम्प का लाभ उठाते हुए निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराएं। इसके लिए संबंधित मतदाता अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर अपने मतदेय स्थल पर पहुंचें। परिवार के किसी सदस्य की मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाना उपयोगी होगा। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है, अपने संबंधित बूथ पर बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त कर आवश्यक विवरण भरने के बाद जरूरी दस्तावेजों सहित जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 भरकर जमा कर सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने मताधिकार से संबंधित पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में योगदान दें।

दतिया /सेवढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में 10-10 हजार के 4 इनामी आरोपी गिरफ्तार

बदायूं:कादरचौक पुलिस ने शराब की दुकानों में चोरी करने वाले चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी की शराब, नकदी और अवैध हथियार बरामद







