अलीगंज में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संगठन सृजन पर मंथन

अलीगंज। एटा के अलीगंज स्थित किला कार्यालय में शुक्रवार को कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर एवं रीवा के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन की वर्तमान स्थिति, विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर जानकारी ली। सुखेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत विभिन्न ब्लॉकों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में अलीगंज ब्लॉक में बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संगठन से जुड़ी जानकारी, सुझाव और समस्याएं जानीं। प्राप्त फीडबैक के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद पार्टी स्तर पर नए संगठन की सूची तैयार कर पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। बैठक के दौरान सुखेंद्र सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, इसके बावजूद कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने राम मंदिर सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं और संगठन को गांव, ब्लॉक तथा बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करें। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आसिक हुसैन भोले खान, जिला उपाध्यक्ष डॉ. योगेश यादव, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अनिल सोलंकी, नगर अध्यक्ष अरविंद सोनी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रायबरेली में 24 अगस्त को मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारीयां हुई तेज

लेखपालों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, ट्रैप कार्रवाई पर जताया विरोध









