जानीपुर में दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, लाखों का सामान लेकर फरार

अलीगंज। जानीपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने खेत में बने एक मकान को निशाना बनाते हुए पिछली दीवार तोड़ दी और अंदर घुसकर लाखों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। रविवार सुबह दीवार कटी मिलने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। जानीपुर निवासी जय सिंह पुत्र तोताराम (43) ने बताया कि रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे वह उठे तो मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पीछे की ओर जाकर देखा तो दीवार कटी हुई थी। चोरों ने दीवार काटकर मकान के अंदर प्रवेश किया था। घर में रखी नकदी और जेवरात की जांच करने पर चोरी का पता चला। पीड़ित के मुताबिक चोर करीब दो से तीन लाख रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। मकान खेत में बना होने के कारण आसपास कोई आबादी नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात में दीवार काटकर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी सनसनी फैल गई। हल्का इंचार्ज हेमराज गौतम ने बताया कि मकान की पिछली दीवार काटकर चोर अंदर घुसे हैं। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार अभी पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।











