युवक की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी, कमरे में लटका मिला शव

एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव सरोठ पछाया में बुधवार को एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताया गया कि करीब 14 वर्ष पूर्व सोनू की मां प्रीति अपने पति से अलग होकर सरोठ पछाया में राहुल बाबा के साथ रहने लगी थीं। करीब दो वर्ष पूर्व राहुल बाबा द्वारा संध्या नाम की महिला से विवाह किए जाने के बाद परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों के साथ ही अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार युवक की मां करीब 14 वर्ष पहले सराय अगहत निवासी बृजवीर सिंह से विवाह के बाद राहुल बाबा के साथ रहने लगी थीं। पुलिस के अनुसार राहुल बाबा युवक के जैविक पिता नहीं थे। उसके जैविक पिता बृजवीर सिंह बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 30 लीटर शराब बरामद

अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 20 लीटर शराब बरामद








