विवाहिता ने लगाए गंभीर आरोप, मारपीट के बाद जबरन कीटनाशक पिलाने का दावा

जसरथपुर। थाना जसरथपुर क्षेत्र के तौसैया किसानन गांव में घरेलू विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसे सड़क पर पटककर पीटा गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद जबरन कीटनाशक दवा पिलाने की कोशिश की गई। हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छोड़कर ससुराल पक्ष के लोग चले गए। गांव निवासी नीतू (30) पत्नी संजय ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करने लगे थे। सोमवार को फ्रिज को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान पति, सास और देवर समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर उसे सड़क पर गिराकर पीटा गया। मारपीट में सिर फटने से वह खून से लथपथ हो गई। आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन कीटनाशक दवा पिला दी गई। तबीयत बिगड़ने पर ससुराली उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां छोड़कर चले गए। पहले भी पहुंची थी पुलिस चौकी नीतू का कहना है कि ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पहले महिला चौकी अलीगंज में शिकायत की थी। सात जुलाई को पुलिस की मौजूदगी में गांव के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। पीड़िता का आरोप है कि समझौते के बाद भी उसके साथ उत्पीड़न जारी रहा और सोमवार को उसकी जान लेने की कोशिश की गई। तहरीर मिलने का इंतजार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











