गांधी व शास्त्री जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन

गांधी व शास्त्री जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन खमरिया लाला नगर। राजकीय हाई स्कूल लाला नगर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के संस्था प्रधान राम सजन सोनकर के नेतृत्व में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा धूप-दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सादगी के सिद्धांतों तथा देश की स्वतंत्रता में उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। विद्यालय में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महापुरुषों के विचारों और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में विद्यालय परिसर का वातावरण देशभक्ति एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर संस्था प्रधान राम सजन सोनकर, डॉ. कृष्ण कुमार शर्मा, राजकुमार पांडेय, विनोद कुमार त्रिपाठी, लोकेश कुमार, चंद्रजीत यादव, भानुप्रताप पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।










