सफाई के बाद फिर कचरे का ढेर! राधागंज में खुले में कचरा फेंकने से रहवासी परेशान, कलेक्टर से लगाई गुहार

देवास। शहर के राधागंज क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के बावजूद खुले में कचरा फेंके जाने की समस्या से स्थानीय रहवासी परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करते हैं, लेकिन सफाई होने के कुछ समय बाद ही कुछ लोगों द्वारा खुले स्थानों और सड़क किनारे बड़ी मात्रा में गीला एवं अन्य कचरा फेंक दिया जाता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, खुले में कचरा फेंकने वालों को जब रहवासी अथवा सफाई कर्मचारी रोकने-टोकने का प्रयास करते हैं तो कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। आरोप है कि कुछ लोग कचरा उठाकर निर्धारित स्थान पर डालने के बजाय सड़क पर ही फेंक देते हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी लगातार बढ़ रही है।
कचरे के ढेर को आवारा पशु इधर-उधर फैला देते हैं। इसके चलते सड़क और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी के साथ दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। बारिश के कारण खुले मैदान में कीचड़ होने से परेशानी और बढ़ गई है। अब सड़क किनारे भी कचरा जमा होने लगा है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मच्छर और दुर्गंध से बढ़ी परेशानी
रहवासियों का कहना है कि लंबे समय तक कचरा जमा रहने से दुर्गंध के साथ मच्छरों और अन्य कीटों की समस्या बढ़ रही है। घरों के आसपास गंदगी का वातावरण रहने से लोगों को जनस्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि सफाई कर्मचारी अपना काम कर रहे हैं, लेकिन खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या बार-बार सामने आ रही है।
जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई गुहार
समस्या से परेशान रहवासियों ने विगत दिनों कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। आवेदन में खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने, क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है।
रहवासियों का कहना है कि केवल सफाई कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफाई के बाद दोबारा कचरा फेंकने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। नागरिकों ने प्रशासन और नगर निगम से क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जनसुनवाई में शिकायत पहुंचने के बाद प्रशासन और नगर निगम इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं। रहवासियों को उम्मीद है कि जनस्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के हित में जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।











