न्याय की गुहार लगाने पहुंचे लाचार पिता के साथ अभद्रता, एसपी के सख्त आदेश पर हरकत में आई पुलिस.

श्रावस्ती में मल्हीपुर थाना क्षेत्र की खांवाकला निवासी रुकसाना (19) की मौत के मामले में एसपी राहुल भाटी ने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। मृतका के पिता बब्बन का आरोप था कि उनकी बेटी का शव संदिग्ध हालात में शुक्रवार देर रात फंदे से लटकता मिला था। उन्होंने मल्हीपुर थाने में तहरीर देकर ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया था। कार्रवाई करने के बजाय थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने उन्हें गाली देकर भगा दिया था और पीटने की धमकी दी थी। इसके बाद बब्बन ने सोमवार को समाधान दिवस में एसपी राहुल भाटी से प्रकरण की शिकायत की। इस पर एसपी ने थाना प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। मूल रूप से बहराइच जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लक्ष्मनपुर लसोरवा निवासी बब्बन ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रुकसाना (19) का निकाह करीब नौ माह पूर्व मल्हीपुर थाना क्षेत्र के खांवाकला निवासी जमील के साथ किया था। शुक्रवार देर रात रुकसाना का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद शनिवार सुबह घटना की सूचना मल्हीपुर पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बब्बन ने आरोप लगाया कि मल्हीपुर थाने में तहरीर देकर पति जमील, ससुर अकबर अली, ननद हसीना, लल्लन व सास सहीमा पर बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने प्रार्थना पत्र देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया। वहीं, उन्हें गाली देकर थाने से भगा दिया। जिसके बाद सोमवार को उन्होंने जमुनहा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने प्राथमिकी दर्ज करवाने का निर्देश दिया है।











