बागली में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की दबिश, 2 लाख की शराब व 1400 किलो महुआ लाहन जब्त

देवास। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने बागली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब एवं महुआ लाहन बरामद किया। कार्रवाई के दौरान कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त को आबकारी वृत्त बागली (अ) क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम धूपघट्टा, खुटखाल, पांडुतालाब, सीतापुरी और अमरपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 4 पेटी विदेशी मदिरा बीयर, 1 पेटी देशी मदिरा प्लेन, 1 पेटी लंदन वोदका, 9 बोतल सी.पी. व्हिस्की, 90 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा 1400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख रुपए बताया गया है। जांच के बाद मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत कुल पांच प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।











