लूट से पहले पुलिस ने दबोचे तीन बदमाश, तमंचे और औजार बरामद

एटा। जैथरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी/लूट की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, रस्सा, लोहे का सब्बल, हथौड़ा और एक मैक्स पिकअप बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में जैथरा पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक पुत्र रामशंकर निवासी नीबलपुरा, थाना पटियाली, कासगंज, पवन उर्फ लालू पुत्र बरफ सिंह निवासी नगला दत्ता, थाना पटियाली, कासगंज तथा मोनू पुत्र वीरेंद्र उर्फ पप्पू निवासी छोटी जरारी, थाना जैथरा, एटा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से तीन तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस 315 बोर, एक रस्सा, लोहे का सब्बल, हथौड़ा और मैक्स पिकअप बरामद हुई। मामले में थाना जैथरा पर मुकदमा संख्या 285/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट एवं 312/313 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोनू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में धारा 115(2), 118(1), 333, 351(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र, कांस्टेबल संजय, रिजर्व कांस्टेबल आशुतोष और रिजर्व कांस्टेबल अंकित शामिल रहे।











