किताबों से खुलेगी तरक्की की राह, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों का सहारा बनेगा लक्ष्य फाउंडेशन

अलीगंज। समाज की तरक्की केवल बड़े आयोजनों से नहीं, बल्कि बच्चों के हाथों में किताब और आंखों में बड़े सपने देने से होगी। इसी उद्देश्य को लेकर अमरोली रतनपुर स्थित श्रीराम रामस्वरूप रामबेटी शिक्षण संस्थान में लक्ष्य शिक्षा एवं राहत फाउंडेशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 15 नवंबर को प्रस्तावित अमरपाल सिंह लोधी आईआरएस के कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ब्लॉक स्तर पर अस्थायी टीम गठित कर कार्यक्रम की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज की दिशा और दशा बदलने का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। गांव-देहात के बच्चों को बेहतर माहौल, उचित मार्गदर्शन और शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाने की जरूरत है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकें। आज का विद्यार्थी आगे चलकर प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, इंजीनियर, शिक्षक, अधिवक्ता या अन्य महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकता है। वक्ताओं ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। कहा कि शिक्षा को केवल नौकरी पाने का जरिया न समझकर समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव के रूप में देखा जाना चाहिए। बच्चों में मेहनत, अनुशासन, संस्कार और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना समय की जरूरत है। इसके साथ ही सामाजिक कुरीतियों, ढोंग-पाखंड और अंधविश्वास से दूर रहने तथा युवाओं में वैज्ञानिक सोच और सकारात्मक विचार विकसित करने पर भी जोर दिया गया। करन सिंह राजपूत और अधिवक्ता संजीव कुमार राजपूत ने भी बैठक में अपने विचार रखे। बच्चों को सिर्फ पढ़ाना नहीं, आगे बढ़ाना है : कदम सिंह फौजी संस्थान के संस्थापक कदम सिंह फौजी ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल विद्यालय चलाना नहीं, बल्कि ऐसे बच्चों को तैयार करना है जो भविष्य में समाज और देश की जिम्मेदारी संभाल सकें। उन्होंने कहा कि यदि किसी एक बच्चे को सही शिक्षा और सही दिशा मिल जाए तो वह न केवल अपने परिवार की तस्वीर बदल सकता है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन सकता है। उन्होंने कहा कि गांव का बच्चा भी बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करे, यही संस्था का उद्देश्य है। बच्चों के हाथ में किताब होगी तो उनका भविष्य मजबूत होगा और भविष्य मजबूत होने से समाज भी मजबूत बनेगा। उन्होंने आने वाली पीढ़ी को अंधविश्वास और कुरीतियों से निकालकर शिक्षा, संस्कार और जागरूकता की राह पर ले जाने का संकल्प दोहराया। बैठक में प्रधानाचार्य प्रदीप राजपूत, अधिवक्ता संजीत राजपूत, अधिवक्ता रंजीत, अंकित, राजकिशोर मुनीम, डॉ. रामप्रकाश, करन सिंह, दीवान जी विनोद कुमार पीसी, सिंह फौजी, सुरेंद्र सिंह, सीपी मास्टर, उपेंद्र सिंह, अमित राजपूत, प्रधान विजयदेपुर मुकेश, प्रशांत, रामावतार सिंह, इंजीनियर जितेंद्र सिंह राजपूत, विजय सिंह, राजेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह लोधी, नवाब सिंह राजपूत, शिवम राजपूत, वीरपाल सिंह राजपूत, बलवीर सिंह, कप्तान सिंह, डॉ. केशव मोहनलाल, कुलदीप, अमित, शैलेंद्र, भूपेंद्र, विकास, मधुसूदन, मुकेश, प्रियांशु, लक्ष्मण, मनोज, अखिलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

राजकीय हाई स्कूल लाला नगर में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, गुरुजनों के सम्मान में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम

🇮🇳 डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और शिक्षक दिवस की कहानी 📚









